10वीं की नाबालिग छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया सरकारी स्कूल शिक्षक
बिहार (जनवार्ता): गया जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने गुरु-शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए शिक्षक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से दोनों को बचाकर हिरासत में ले लिया है।

मामला आमस थाना क्षेत्र का है। आरोपी शिक्षक उसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, छात्रा के परिजन गांव से बाहर गए हुए थे और वह अपने छोटे भाई के साथ घर पर अकेली थी।
देर रात करीब 11 बजे आरोपी शिक्षक छात्रा के घर पहुंचा। ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने शिक्षक को घर में घुसते देखा और तुरंत घर की घेराबंदी कर दी। ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ लिया, जिसके बाद पूरे गांव में बवाल मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से शिक्षक और छात्रा के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे। शिक्षक का छात्रा के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था। आरोपी शिक्षक की पहली पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसने दूसरी शादी कर रखी है। उसकी दूसरी पत्नी भी सरकारी शिक्षिका है और उनका एक 5 वर्षीय पुत्र है। घटना की जानकारी मिलते ही थाने पहुंची शिक्षक की पत्नी ने अपने पति का बचाव किया।
सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले आई। आमस थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया, “चूंकि मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा है, इसलिए हम उसकी उम्र और दोनों के बीच संबंधों की गहराई की विस्तृत जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।”

