जिला जज, डीएम और एसपी ने जिला कारागार ज्ञानपुर का किया निरीक्षण
सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बंदियों को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा
भदोही । प्रभारी जिला जज डॉ. अमित वर्मा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बुधवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था के साथ साफ-सफाई, पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों और कारागार परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन, समुचित चिकित्सा सुविधा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अधिकारियों ने बंदियों के कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कौशल विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

