फतेहपुर : पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर को पैर में लगी गोली
साथी फरार
फतेहपुर (जनवार्ता)। जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज उर्फ साहिल घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

पुलिस के अनुसार बिंदकी रोड स्थित दादनखेड़ा मोड़ के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर, निवासी विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहनवाज और उसका साथी फिरोज कथित रूप से यात्रियों को खाने-पीने की वस्तुओं में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देते थे और उनके मोबाइल, नकदी व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शाहनवाज के खिलाफ फतेहपुर समेत कई जिलों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी फिरोज की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

