जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर : पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की कुल्हाड़ी-हथौड़े से हत्या

जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर : पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की कुल्हाड़ी-हथौड़े से हत्या

खुदकुशी की नाकाम कोशिश के बाद खुद ही पुलिस को दी सूचना

जमशेदपुर  : लौहनगरी जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको इलाके के क्वार्टर नंबर एल-13 में सोमवार सुबह एक जघन्य तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। टाटा स्टील से हाल ही में सेवानिवृत्त रविंद्र कुमार सिंह (55 वर्ष) ने घरेलू विवाद में उग्र होकर अपनी पत्नी सरिता सिंह (55 वर्ष), जवान बेटे रविशेख सिंह (29 वर्ष) और तीन माह की गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह (31 वर्ष) को कुल्हाड़ी व हथौड़े से बेरहमी से मार डाला।

rajeshswari

पुलिस जांच के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की है। आरोपी की पत्नी सरिता सिंह किचन में नाश्ता बनाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान पति-पत्नी में किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही रविंद्र सिंह ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर अंधाधुंध वार कर दिए। सरिता सिंह मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठीं।

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर अपनी बेटी सुप्रिया सिंह के कमरे में घुसा। सुप्रिया उस समय सो रही थी। पिता ने बेटी पर भी निर्मम प्रहार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद आरोपी अपने बेटे रविशेख सिंह के पास पहुंचा और उसे भी हथौड़े व कुल्हाड़ी से मार डाला।

इस हत्याकांड का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सुप्रिया सिंह पिछले साल 25 नवंबर को मोहरदा में शादी के बाद मायके आई थी। वह तीन माह की गर्भवती थी और आराम के लिए रविवार को ही अपने माता-पिता के घर पहुंची थी। उसकी हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

इसे भी पढ़े   मिर्जापुर : ब्रेक फेल ट्रक की टक्कर से बोलेरो में लगी आग, 6 की मौत

वारदात को अंजाम देने के बाद रविंद्र सिंह ने खुद को जलाने का भी प्रयास किया। उसने घर के पर्दों में आग लगा दी और किचन की गैस सिलेंडर खोल दिया। हालांकि, वह खुद भी जलते पर्दों के पास बैठा रहा, लेकिन खुदकुशी में सफल नहीं हो सका। बाद में आरोपी ने स्वयं 100 डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। तीनों शव खून से लथपथ पड़े थे और आरोपी शवों के पास ही बैठा था।

पुलिस पूछताछ में रविंद्र सिंह ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा, “हां, मैंने मार दिया… गलती हो गई।” स्थानीय लोगों के अनुसार, फरवरी 2026 में टाटा स्टील से रिटायरमेंट के बाद से आरोपी के व्यवहार में बदलाव आया था और घर में अक्सर कलह होती रहती थी।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी, सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और हथौड़े को कब्जे में ले लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने इस जघन्य घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “ऐसे अपराधों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

रविंद्र सिंह के कुल चार संतानें हैं। एक बेटी दिल्ली और एक बेटा रायपुर में कार्यरत है। दोनों घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए हैं। इस घटना ने पूरे एग्रिको इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *