लूट का विरोध करने पर ज्वेलर की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरपुर (जनवार्ता)। कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर हाट में सोमवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब कारोबारी दीपक कुमार शाह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।

बताया गया कि घर के पास पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने उनसे आभूषण लूटने का प्रयास किया। दीपक ने विरोध करते हुए बदमाशों का सामना किया। इसी दौरान उनकी पत्नी और बेटा मौके पर पहुंचकर शोर मचाने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने दीपक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भागने की जल्दबाजी में बदमाश अपनी चप्पल, टोपी और एक हथियार घटनास्थल पर ही छोड़ गए।
सूचना मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, कई डीएसपी तथा विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसटीएफ और एसआईटी की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

