कौशाम्बी : तेज रफ्तार वाहन ने चार लोगों को रौंदा
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
कौशाम्बी। जिले के सैनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित तिलोकपुर के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पिकअप वाहन का पंचर बनाते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन का टायर पंचर होने पर चालक और उसके साथी सड़क किनारे उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साबिर, अकबर, अनवर और एहसान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में साबिर और अकबर सराय सिराथू (थाना सैनी), अनवर मूरतगंज (थाना संदीपनघाट) तथा एहसान रसूलपुर (थाना कोखराज) के निवासी थे।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार वाहन लोगों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही वाहन की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

