गंगा नहर में मिला 15 वर्षीय खुशबू का शव
रील बनाने से रोकने पर किशोरी के आत्महत्या की आशंका
चंदौली (जनवार्ता) : चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में अलीनगर थाना क्षेत्र के आलू मिल नई बस्ती, वार्ड नंबर-3 स्थित खोजना नहर (गंगा नहर) में बुधवार सुबह 15 वर्षीय किशोरी खुशबू का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस और परिजनों के अनुसार किशोरी इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील बनाने की शौकीन थी। परिजनों खासकर मां को यह पसंद नहीं था और वे बार-बार उसे रोकते-डांटते थे। सोमवार को रील बनाने को लेकर फिर से डांट पड़ने के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई और मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के कौवाघाट (ननिहाल) में स्थित नहर में छलांग लगा दी।
शव बहकर लगभग 15 किलोमीटर दूर चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में आलू मिल के पास नहर में फंस गया। स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह शव देखा और तुरंत अलीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव निकालकर कब्जे में लिया। मृतका की पहचान पड़री थाना क्षेत्र के लेवा रोड (बबुरी) निवासी खुशबू (15/16 वर्ष) के रूप में हुई।
अलीनगर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पहले से थाना अदलहाट में किशोरी की गुमशुदगी दर्ज थी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल आत्महत्या की आशंका है लेकिन सभी पहलुओं हत्या दुर्घटना आदि की जांच की जा रही है।
किशोरी रविवार को ननिहाल गई थी। परिजनों ने बताया कि रील बनाने की आदत पर बार-बार टोकने से परिवार में कलह होती रहती थी। डांट पड़ने के बाद नाराजगी में उसने यह कदम उठाया।
यह घटना सोशल मीडिया पर रील बनाने की लत और परिवार-बच्चों के बीच बढ़ती दूरी को लेकर फिर से सवाल खड़े कर रही है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

