लखीमपुर : ट्रक-मैजिक की भीषण टक्कर में 9 मजदूरों की मौत, कई घायल

लखीमपुर : ट्रक-मैजिक की भीषण टक्कर में 9 मजदूरों की मौत, कई घायल

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे-730 पर तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

rajeshswari

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे यह भीषण हादसा हुआ। लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही मैजिक गाड़ी में कुल 12 मजदूर सवार थे, जो लखीमपुर में मजदूरी का काम कर अपने गांव नानपारा (बहराइच) लौट रहे थे। इसी दौरान बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने अब तक चार मृतकों की पहचान कर ली है। इनमें जयवीर सिंह पुत्र पेशकार सिंह निवासी बहराइच, पवन निवासी बहराइच, संतोष निवासी बहराइच और अदनान पुत्र वकील निवासी धौरहरा शामिल हैं। बाकी मृतकों और घायलों की पहचान का कार्य जारी है। सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी घायलों और शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

इसे भी पढ़े   पांच एसीपी समेत 8 थानेदारों को नई जिम्मेदारी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा उन मजदूरों के सपनों को चकनाचूर कर गया जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार की खुशियों के लिए घर लौट रहे थे। मात्र कुछ किलोमीटर दूर अपने गांव पहुंचने से पहले वे काल के गाल में समा गए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *