पंचकूला में भीषण आग: सेक्टर-11 के सरकारी क्वार्टर में मची अफरा-तफरी, अगरबत्ती से लगी चिंगारी
पंचकूला।
हरियाणा के पंचकूला जिले के सेक्टर-11 स्थित एक सरकारी क्वार्टर में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, मकान नंबर 1388, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत चालक रोहताश का आवास है, घटना के समय घर पर उनका भतीजा मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसने कमरे में अगरबत्ती जलाई थी और पंखा चल रहा था। इसी दौरान अगरबत्ती की चिंगारी से कमरे में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पता चला कि आग के पास ही गैस सिलेंडर रखा हुआ था। हालांकि, समय रहते स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला और तुरंत दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अगरबत्ती से आग लगने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

