देशभर में मौसम का बदला मिजाज: दिल्ली-यूपी में भीषण लू, बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: दिल्ली-यूपी में भीषण लू, बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली (जनवार्ता)। देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई हिस्सों में मौसम के और अधिक तीखा होने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। वहीं पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक ऊष्ण लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके अलावा 21 से 26 मई के बीच पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। राजधानी में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को भीषण लू का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 से 22 मई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 मई से तापमान में हल्की गिरावट और मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बांदा जिले में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। आगरा, नोएडा, जालौन, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
भीषण गर्मी के बीच बिहार और झारखंड के लोगों को बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बिहार में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना, पूर्णिया, भागलपुर और गया में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में भी तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाएं और शुष्क मौसम लोगों को परेशान कर रहे हैं। कई जिलों में धूल भरी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्य प्रदेश में भी 25 मई तक लू का असर जारी रहने की संभावना है। भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और इंदौर जैसे शहरों में गर्मी लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है।
महाराष्ट्र के अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नागपुर और यवतमाल समेत विदर्भ क्षेत्र के कई इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी बनी रहेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और ऊना में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   पकड़ी गई 3 देशों से गुजरकर भारत पहुंची 1200 करोड़ की ड्रग्स
Shiv murti

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *