योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट विवाद को लेकर यात्री की पीट-पीटकर हत्या

योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट विवाद को लेकर यात्री की पीट-पीटकर हत्या

नई दिल्ली (जनवार्ता)। दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट और जगह को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर योगा एक्सप्रेस के पहुंचते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान पंकज धामा का कुछ यात्रियों से सीट और जगह को लेकर विवाद हो गया। पहले कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने पंकज को नीचे गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।

घटना के वायरल वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक जवान घायल यात्री को भीड़ से छुड़ाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि घायल को तत्काल समुचित चिकित्सीय सहायता क्यों नहीं उपलब्ध कराई गई।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल पंकज धामा को तत्काल गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक चिकित्सीय जांच में शरीर के अंदर गंभीर चोटें मिलने की बात सामने आई है, जिन्हें मौत का कारण माना जा रहा है।

इसे भी पढ़े   गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं: मुख्यमंत्री योगी

नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़, जनरल डिब्बों में यात्रियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *