महाराष्ट्र : परभणी में हनुमान मंदिर का सभा मंडप ढहा, 6 श्रद्धालुओं की मौत

महाराष्ट्र : परभणी में हनुमान मंदिर का सभा मंडप ढहा, 6 श्रद्धालुओं की मौत

कई घायल

परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में हनुमान मंदिर के सभा मंडप की छत ढह जाने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से 40 लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कीर्तन और महाप्रसाद में शामिल होने के लिए मौजूद थे।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर के सामने बने सभा मंडप में निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान सभा मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे लोहे की सरिया, पत्थर और अन्य मलबा नीचे मौजूद श्रद्धालुओं पर आ गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त कई लोग महाप्रसाद ग्रहण कर रहे थे। छत गिरने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया।

प्रशासन की टीमों ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।

मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

इसे भी पढ़े   Air India कर्मचार‍ियों के ल‍िए दो साल बाद आई खुशखबरी,बढ़ेगी सैलरी और म‍िलेगा बोनस
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *