राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
वाराणसी (जनवार्ता)। जिले के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुसुवाही स्थित विवेकानंद नगर कॉलोनी में शनिवार को राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विवेकानंद नगर कॉलोनी में लगभग 5.31 लाख रुपये की लागत से 101.7 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं और जन अपेक्षाओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ कर लोगों को सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान की जाएं।
राज्य मंत्री ने कहा कि वाराणसी के प्रत्येक क्षेत्र में विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने के साथ ही उनके क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे शिलान्यास के बाद कम समय में ही परियोजनाओं का लोकार्पण भी संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग बताया।

