घने कोहरे में स्कूल बस और ऑटो की टक्कर, चालक की मौत
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण स्कूल बस और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं स्कूल बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री सुरक्षित हैं।

पुलिस के अनुसार कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल ऑटो से यात्रियों को लेकर अमरकंटक से ज्वालेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पोड़की की ओर से आ रही सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस से ज्वालेश्वर मार्ग पर उनकी ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सतीश जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में ऑटो सवार मीनाक्षी मरावी (23) निवासी टिकरी टोला, अमरकंटक तथा ललिता कीर (55) निवासी पिपरिया, जिला नर्मदापुरम गंभीर रूप से घायल हो गईं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका है।
अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रानू सारीवान ने बताया कि बारिश के बाद क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। संभवतः इसी कारण दोनों वाहनों के चालक एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख सके और दुर्घटना हो गई।
हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

