अम्बेडकरनगर में चार मासूम बच्चों की हत्या से सनसनी
मां फरार
अम्बेडकरनगर (जनवार्ता)। जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया। घर के अंदर बिस्तर पर खून से लथपथ बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर चारों बच्चों के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान शफीक, सउद, उमर और उनकी बहन बयान के रूप में हुई है। घटना के समय बच्चों की मां घर पर मौजूद नहीं मिली, जिससे उस पर शक गहराता जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, बच्चों के पिता नियाज कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहे हैं और उन्होंने वहां दूसरी शादी कर ली है। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक तनाव के चलते महिला मानसिक रूप से परेशान थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि बच्चों की हत्या ईंट से वार कर की गई है। वारदात के बाद आरोपी मां कथित रूप से बालकनी से कूदकर फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फरार महिला की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

