बलिया में हर्ष फायरिंग से 8 वर्षीय बच्चे की मौत, आरोपी जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया (जनवार्ता)। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार शिवपुर दियार स्थित पुरवा पांडे का डेरा गांव में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग एक मासूम की जान ले गई। घटना में 8 वर्षीय बालक की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात गांव में प्रेम यादव की दो बेटियों की शादी समारोह चल रहा था, जिसमें बिहार से बारात आई थी। बारातियों के स्वागत और डांस के दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान प्रेम यादव के रिश्तेदार सुनील यादव, जो असम राइफल्स में सिपाही बताया जा रहा है, ने भी अपनी दो नाली बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से चली गोली पास में खड़े संजय यादव के 8 वर्षीय पुत्र वीर यादव के सीने में जा लगी। गोली सीने को आर-पार कर गई, जिससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई और परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि हर्ष फायरिंग के दौरान यह हादसा हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद शादी की खुशियां शोक में बदल गईं और रस्मों की औपचारिकता पूरी कर विदाई कर दी गई।

