अहमदाबाद के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद अभिभावकों को बुलाकर बच्चों को भेजा गया घर, बम निरोधक दस्ते ने की सघन जांच
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। ताजा जानकारी के अनुसार शहर की 10 से अधिक स्कूलों को ऐसे ई-मेल भेजे गए हैं। इनमें जीवराज़ पार्क स्थित जायडस स्कूल समेत अन्य विद्यालयों के नाम सामने आए हैं।


धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित स्कूलों में सुरक्षा के मद्देनजर छात्रों और कर्मचारियों को बाहर कराया गया। कई विद्यालयों में अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों को उनके साथ घर भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक एवं पहचान दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की सघन तलाशी शुरू की।

पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों के कक्षों, परिसर तथा आसपास के इलाकों की जांच की। शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की सूचना नहीं है। धमकी भरे ई-मेल में कथित तौर पर खालिस्तानी संगठन का नाम भी सामने आया है, जिसके आधार पर जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।
अहमदाबाद में स्कूलों को इस तरह की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी गुजरात के स्कूलों और महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। सितंबर में अहमदाबाद के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।
फिलहाल पुलिस साइबर जांच के जरिए धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक इस ताजा मामले में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

