रानीपुर में देर रात गोलियों की गूंज, बाइक सवार युवक की हत्या
फायरिंग में दूसरा युवक घायल, जांच में जुटी पुलिस; चार टीमें गठित
आजमगढ़ (जनवार्ता)। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बुधवार देर रात बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़्या गांव निवासी सुशील के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक पिंटू यादव बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पिंटू को गोली छूते हुए निकल गई है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक दोपहिया वाहन से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डॉ. अनिल कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एसएसपी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से घटना की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की आशंका हो सकती है। बताया जा रहा है कि पहले भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी और इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


