जबलपुर क्रूज हादसे के बाद काशी में हाई अलर्ट, 15 नावें सीज
लाइफ जैकेट नहीं देने और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, गंगा घाटों पर सुरक्षा बढ़ी
वाराणसी (जनवार्ता)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद वाराणसी में गंगा नदी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम लगातार विशेष चेकिंग अभियान चला रही है। शुक्रवार रात तक चले अभियान में अनियमितताएं मिलने पर 15 नावों को सीज किया गया, जबकि कई नाव चालकों और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

चेकिंग के दौरान यात्रियों को लाइफ जैकेट न उपलब्ध कराना, खराब लाइफ जैकेट का इस्तेमाल, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना तथा चलती नाव पर सेल्फी और रील बनाने जैसी लापरवाहियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित नाव मालिकों और चालकों पर कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने जल पुलिस के साथ नमो घाट तक विशेष अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि गंगा में सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल पुलिस नियमित गश्त कर रही है।
उन्होंने कहा कि लाउड हेलर के माध्यम से नाविकों और यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाया जाए और सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाई जाए। साथ ही चलती नावों पर सेल्फी और वीडियो रील बनाने वालों को भी रोका जा रहा है।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल्द ही 11 गंगा घाटों पर फ्लोटिंग जेटी, सुरक्षा जाल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रयागराज महाकुंभ में सफल रहे मॉडल को काशी में भी लागू किया जाएगा। इसके अलावा घाटों पर वॉच टावर भी स्थापित किए जाएंगे ताकि निगरानी और बचाव कार्य को और प्रभावी बनाया जा सके।

