चंदौली : पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर दोनों पैरों में लगी गोली
चंदौली (जनवार्ता)। अलीनगर थाना क्षेत्र में कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहे एक परिवार पर फायरिंग करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार अलीनगर क्षेत्र के रेवासा गांव में आयोजित कव्वाली कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था। आरोप है कि कार्यक्रम में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध के बाद मामला बढ़ गया और आरोपी धर्मेंद्र भारती अपने साथियों के साथ वहां से चला गया।
देर रात जब पीड़ित युवक अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और मारपीट के साथ फायरिंग की। गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर्मेंद्र भारती को पकड़ लिया और उससे घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद कराने के लिए मौके पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और अलीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसने फरार चल रहे आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र भारती एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 30 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

