गाजीपुर : करोड़पति होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या

गाजीपुर : करोड़पति होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या

पिता ने कुख्यात अपराधी शंकर पांडे पर लगाया हत्या का आरोप

गाजीपुर  (जनवार्ता)  : गाजीपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के बिंदु होटल में शुक्रवार रात एक चौंकाने वाली हत्या की घटना ने पूरे जिले को सकते में डाल दिया। होटल मालिक आलोक राय के 29 वर्षीय बेटे विनीत राय को चार नकाबपोश बदमाशों ने होटल के मुख्य गेट पर घेरकर चार गोलियां मार दीं। गोली लगने के कुछ देर बाद विनीत की मौत हो गई।

rajeshswari

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार बदमाश रात करीब 11 बजे बियर खरीदने के बहाने होटल पहुंचे। गार्ड शंभू से बातचीत के दौरान जब विनीत होटल से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। दो पिस्टलों से हुई फायरिंग में विनीत के दाएं हाथ, कमर और सीने में दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आलोक राय ने कुख्यात अपराधी शंकर पांडे और उसके गिरोह पर सीधा आरोप लगाया है। आलोक राय ने बताया, “शंकर पांडे ने 2024 में मुझसे रंगदारी मांगी थी। जब मैंने देने से इनकार कर दिया तो होटल पर हमला किया गया था। मैंने डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज मेरे बेटे की जान चली गई।”

आलोक राय ने दुख जताते हुए कहा, “मैं हर साल एक करोड़ रुपये टैक्स जमा करता हूं, फिर भी मेरा परिवार सुरक्षित नहीं है। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करता हूं कि इस गिरोह का पूरी तरह सफाया किया जाए।”

इसे भी पढ़े   गाजीपुर में तेज रफ्तार कार ने 3 को रौंदा,ड्राइवर फरार

विनीत राय की एक साल पहले 18 मई 2024 को शादी हुई थी। उनकी दो महीने की एक बेटी है। विनीत डी-फार्मा पास थे और होटल का संचालन व रेनोवेशन का काम संभाल रहे थे। उनके चाचा अरविंद राय के साथ मिलकर 2012 में एक बीघे जमीन पर यह होटल बनवाया गया था, जिसमें 50 कमरे हैं।

बदमाशों ने गार्ड से पहले 16 बियर मांगी, फिर 8 बियर पर बात बनी। पेमेंट का बहाना बनाकर वे देर तक गेट पर खड़े रहे। जब विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े, तभी बदमाशों ने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने गार्ड को भी मारने की कोशिश की, लेकिन गार्ड होटल के अंदर भागकर बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही एडीजी पीयूष मोडिया मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि शंकर पांडे ‘कटरा गैंग’ चलाता है, जिस पर पहले से 66 मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट लगाने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *