उन्नाव : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस ने कार को मारी टक्कर
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
उन्नाव (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे बांगरमऊ क्षेत्र में हुआ। हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 20 फीट तक घिसटते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। वहीं बस भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कार सवार विनोद (45), अंजू (40), अमृता (13), दिव्या (6) और भुनभुन (60) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि परिवार संतकबीरनगर जिले के बढ़या बाबू गांव का निवासी था और वृंदावन दर्शन के लिए जा रहा था।
सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी के अनुसार, बस में लगभग 70 यात्री और कार में नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में कार के चार और बस के चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है।

