गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर

गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर

27 लाख की लूट के मास्टरमाइंड जुबैर और समीर मारे गए, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

गाजियाबाद  (जनवार्ता)। 27 लाख रुपये की कैश वैन लूटकांड में वांछित दो बदमाशों जुबैर और समीर को मंगलवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई, जहां करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से 15 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल गोली लगने से घायल हो गए।

rajeshswari


डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश वेव सिटी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि मारे गए बदमाशों की पहचान विजयनगर निवासी जुबैर और समीर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से लूटे गए 9 लाख 10 हजार रुपये नकद, दो पिस्टल, दो तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, मौके से दो अन्य बदमाश फरार हो गए, जिनकी तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं। फरार आरोपियों में शोएब और फिरोज शामिल बताए जा रहे हैं।


पुलिस के मुताबिक, 6 मई को क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास इंडिया वन एटीएम में कैश डालने पहुंचे कर्मचारियों की वैन को बदमाशों ने निशाना बनाया था। उस समय गार्ड और दो कर्मचारी कैश लेकर एटीएम के भीतर गए थे, जबकि ड्राइवर तेजभान वैन में मौजूद था। इसी दौरान बदमाशों ने तमंचे के बल पर ड्राइवर को बंधक बना लिया और कैश वैन लेकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़े   देवरिया : मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


बाद में बदमाशों ने मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर कैश वैन छोड़ दी थी। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने सबूत मिटाने के लिए वैन में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया था।


घटना के बाद पुलिस ने शुरुआती जांच में ड्राइवर और कर्मचारियों से पूछताछ की थी, क्योंकि उनके बयान अलग-अलग मिले थे। हालांकि बाद में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि लूट की वारदात पेशेवर बदमाशों ने अंजाम दी थी।


इस मामले में पुलिस पहले ही मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से 8 लाख 6 हजार रुपये बरामद किए गए थे। कैफ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लूटकांड का मास्टरमाइंड जुबैर विजयनगर में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था। उसका भाई शोएब कपड़ों की फेरी लगाता था, जबकि फरार आरोपी फिरोज कॉस्मेटिक सामान की सप्लाई करता है। पुलिस का दावा है कि पूरी वारदात रेकी के बाद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *