सुश्री सुधा बनीं सोनभद्र की एआरटीओ (प्रवर्तन), कार्यभार संभालते ही डीएम से की शिष्टाचार भेंट
सोनभद्र। परिवहन विभाग की ओर से जारी तबादला एवं नई तैनाती आदेश के तहत सुश्री सुधा को सोनभद्र में एआरटीओ (प्रवर्तन) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से शिष्टाचार भेंट की। अधिकारियों ने उनका बुके भेंट कर स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

जानकारी के अनुसार, सुश्री सुधा इससे पूर्व लखनऊ में राजस्व विभाग में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। शासन के आदेश पर उन्हें सोनभद्र प्रथम दल में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के रूप में तैनात किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सोनभद्र पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार संभालने के उपरांत सुश्री सुधा ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी को बुके भेंट किया गया तथा अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्रवर्तन संबंधी गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप नई तैनाती की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुश्री सुधा के कार्यभार संभालने से विभाग के प्रवर्तन कार्यों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा वाहनों की नियमित जांच जैसे कार्य अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिले में सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई तैनाती से परिवहन विभाग के कार्यों में गति आने के साथ आमजन को भी बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

