अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन
सोनभद्र (जनवार्ता)! जिले मे अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों में कथित लापरवाही से हो रही मौतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध अस्पतालों को तत्काल बंद कराने तथा संबंधित नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में कई निजी अस्पताल बिना प्रभावी निगरानी के संचालित हो रहे हैं, जहां अप्रशिक्षित चिकित्सक और स्टाफ मरीजों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे लगातार गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन जांच के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने हाल में नगर स्थित सिंह हेल्थ केयर में प्रसूता और नवजात की कथित चिकित्सकीय लापरवाही से हुई मौत का उल्लेख करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि अवैध अस्पतालों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन करेगी।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल से मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भेजने का खेल चल रहा है, जहां उनका आर्थिक शोषण होता है और कई मामलों में जान भी चली जाती है। वहीं सदर ब्लॉक अध्यक्ष अमरेश देव पांडे ने स्वास्थ्य विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पतालों के पंजीकरण की प्रक्रिया में अनियमितताएं हैं और कई अस्पताल विभागीय संरक्षण में संचालित हो रहे हैं।
प्रदर्शन में बसवान गुप्ता, शांति विश्वकर्मा, शीला देवी, उर्मिला देवी, रामफल, रीता देवी, रामचंद्र, अमृता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

