हिण्डालको रेणुकूट के रवि सिंह ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता रजत, देश का बढ़ाया मान
सोनभद्र (जनवार्ता)। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के कर्मचारी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से सोनभद्र सहित पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी की लहर है।
20 से 24 मई 2026 तक आयोजित इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हिण्डालको के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का अवसर मिला।


स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, टीम कोच अतुल पंगोत्रा, मैनेजर डॉ. सुनील दत्त, अजय दलाल तथा हिण्डालको प्रबंधन को दिया। उन्होंने क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ सतीश ठुल, महासचिव अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार एवं संगठन के पदाधिकारियों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पूर्व जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रवि सिंह को सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं देकर विदा किया था। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
रवि सिंह ने कहा कि देश के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है और वह आगे भी भारत का नाम विश्व स्तर पर रोशन करने के लिए निरंतर मेहनत करते रहेंगे। उनकी सफलता पर जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और सहकर्मियों ने बधाई दी है।

