अंबेडकर नगर चौराहे पर धूमधाम से मनी बाबा साहेब की 136वीं जयंती
सोनभद्र (जनवार्ता)! रॉबर्ट्सगंज नगर के वार्ड नंबर 18 के बूथ संख्या 27 स्थित अंबेडकर नगर चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई।

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती मंगलवार को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इसी क्रम में स्थानीय स्तर पर अंबेडकर नगर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष रविंद्र चौबे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धर्मवीर तिवारी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित नई दिशा दी। उन्होंने जीवनभर सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ संघर्ष किया तथा शिक्षा और अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया।उन्होंने बताया कि अंबेडकर जयंती राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मनाई जाती है और इस दिन देशभर में उनके योगदान को याद किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद भवन में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के विचार “शिक्षित करो, संगठित करो, आंदोलन करो” को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंत्री राहुल कुमार, सभासद विनोद सोनी, राजकुमार, कमलेश, जग नारायण, विश्वनाथ, प्रदीप, संजय, सुदर्शन, अनील, धर्मेंद्र, चंदन, पिंटू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बाबा साहेब की जयंती मनाई और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

