विंध्य एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर जयंत चौधरी से मिले श्रीकांत त्रिपाठी
– उचित मुआवजा, परिसंपत्तियों के वास्तविक मूल्यांकन और पुनर्वास की मांग; केंद्रीय मंत्री ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
सोनभद्र (जनवार्ता)। विंध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोक दल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने किसानों की समस्याओं और मांगों से संबंधित विस्तृत पत्रक केंद्रीय मंत्री को सौंपते हुए किसान हित में शीघ्र समाधान की मांग की।


श्रीकांत त्रिपाठी ने बताया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण से सोनभद्र के कई किसान परिवारों की भूमि प्रभावित हो रही है। भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, कृषि भूमि एवं परिसंपत्तियों के वास्तविक मूल्यांकन के साथ ही विस्थापन और आजीविका से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसानों में चिंता है।

उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर उचित मुआवजा दिया जाए तथा सर्किल रेट का पुनरीक्षण कराया जाए। इसके अलावा फसलों, पेड़-पौधों, कुओं, ट्यूबवेल, बोरिंग, मकान और अन्य परिसंपत्तियों का वास्तविक मूल्यांकन कर मुआवजा निर्धारित किया जाए। प्रत्येक किसान की भूमि का संयुक्त सर्वे और सीमांकन कराने के साथ मुआवजा गणना-पत्र उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
त्रिपाठी ने किसानों की आपत्तियों और दावों की सुनवाई कर उनका समुचित एवं लिखित निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन किसान परिवारों की आजीविका अथवा आवास परियोजना से प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें पुनर्वास, पुनर्स्थापन और आजीविका सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने किसानों, प्रशासन और परियोजना एजेंसी की संयुक्त समिति गठित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रयागराज डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला संगठन महासचिव धीरज चौबे और जिला मीडिया प्रभारी विकास पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक दल सोनभद्र ने कहा कि पार्टी किसानों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा विंध्य एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

