बेड़ियों में जकड़ा स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर सपा का अनोखा प्रदर्शन
सोनभद्र (जनवार्ता)! जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्था के खिलाफ समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद कुमार यादव ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। जंजीरों में खुद को जकड़कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को उजागर करते हुए प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।

इस प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही और अव्यवस्था को लेकर जोरदार आवाज उठाई। प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि जनपद सोनभद्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज तक मरीजों का शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच के लिए मरीजों को एक महीने तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे निजी अस्पतालों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान यादव ने एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए उनका पैर पकड़ लिया और कहा कि यह कदम गांधीवादी तरीके से जनता की पीड़ा को दिखाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी “सोए हुए” हैं, जबकि मरीजों को बुनियादी सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रहीं। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में गर्भवती महिलाएं तीसरी मंजिल से पानी लेने के लिए मजबूर हैं।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष पार ब्रह्म सिंह सरदार ने किया। वहीं, राजेश भारती और सुरेश अग्रहरी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगी दवाएं और अस्पतालों में इलाज का अभाव सरकार के दावों की पोल खोलता है।

