नोएडा से दो गिरफ्तार, यूपी में टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश का खुलासा
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे दो आरोपियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला और पुरानी दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर खान के रूप में हुई है।


एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी उर्फ आबिद जट के संपर्क में थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तुषार और समीर सोशल मीडिया के माध्यम से शहजाद भट्टी से जुड़े थे और उसके निर्देश पर काम कर रहे थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि शहजाद भट्टी ने तुषार चौहान को टारगेट किलिंग के लिए तीन लाख रुपये का लालच दिया था। दोनों आरोपी हैंड ग्रेनेड और पिस्टल के जरिए वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उनके निशाने पर उत्तर प्रदेश के कई चर्चित लोग बताए जा रहे हैं।
समीर खान को ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH)’ के नाम से दीवारों पर लिखावट करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिससे भय और दहशत का माहौल बनाया जा सके।
एटीएस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पिछले कुछ महीनों में कई लोगों को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी। धमकी देने के दौरान कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर को भी जोड़ा जाता था।
फिलहाल एटीएस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क तथा अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

