अमरोहा में एक युवक से तीन सगी बहनों की शादी का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
अमरोहा (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक युवक से तीन सगी बहनों के विवाह का दावा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में तीनों बहनें एक मंदिर में एक युवक के साथ विवाह की रस्में निभाती दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई है, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, धौरिया गांव की रहने वाली सरोज, सावित्री और संतोष सोशल मीडिया पर वीडियो कंटेंट बनाती हैं। बताया जा रहा है कि श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू पिछले छह माह से उनके साथ कैमरामैन के रूप में काम कर रहा था और वीडियो में पति की भूमिका भी निभाता था।
वायरल वीडियो में तीनों बहनें चामुंडा माता मंदिर में विकास के साथ विवाह करती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इस कथित विवाह में दोनों परिवारों का कोई सदस्य शामिल नहीं था।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने धार्मिक स्थल पर इस तरह विवाह किए जाने पर आपत्ति जताई और इसे धार्मिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया।
विवाद बढ़ने पर तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वे सभी बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह किया है। उन्होंने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि वे एक साथ खुश रहना चाहती हैं और इसमें उन्हें कोई गलत बात नहीं लगती।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि वायरल वीडियो वास्तविक विवाह का है या केवल सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने के उद्देश्य से बनाया गया है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

