अस्पताल के टॉयलेट में बम रखने वाला आरोपी नागपुर स्टेशन से गिरफ्तार

अस्पताल के टॉयलेट में बम रखने वाला आरोपी नागपुर स्टेशन से गिरफ्तार

पुणे (जनवार्ता)। महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक निजी अस्पताल में विस्फोटक उपकरण रखने के मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने मुख्य आरोपी को नागपुर रेलवे जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शिवाजी राठौड़ के रूप में हुई है, जो सोलापुर का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले पुणे के हडपसर क्षेत्र स्थित ‘कामधेनु एस्टेट’ के एक चर्चित निजी अस्पताल में संदिग्ध बम रखे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और पुणे पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थीं।
जांच एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। बताया जा रहा है कि शिवाजी राठौड़ नागपुर रेलवे जंक्शन से ट्रेन पकड़कर फरार होने की तैयारी में था। इसी दौरान एटीएस ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को अस्पताल परिसर के एक शौचालय के पास संदिग्ध विस्फोटक उपकरण मिला था। अस्पताल के एक डॉक्टर की नजर डिजिटल घड़ी जैसे उपकरण वाली वस्तु पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और उपकरण को सुरक्षित तरीके से पास के मैदान में ले जाकर निष्क्रिय कर दिया गया।
पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि विस्फोटक को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल एटीएस और पुणे पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि अस्पताल में बम रखने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   Christmas से पहले केंद्र सरकार की बड़ी सौगात,OROP का बढ़ाया दायरा,25 लाख पेंशनर्स
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *