मेरठ : प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, हार्ट अटैक की रची कहानी

मेरठ : प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, हार्ट अटैक की रची कहानी

मोबाइल चैट से खुला अवैध संबंध का राज, कब्र से निकलवाया गया शव

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की हत्या कर उसे हार्ट अटैक से हुई मौत बताने का मामला सामने आया है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में एक ब्यूटीशियन ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद परिवार को पति की मौत हार्ट अटैक से होने की जानकारी दी और शव को दफना दिया गया। हालांकि, मृतक के गले पर निशान और मोबाइल फोन में मिली चैट ने पूरे मामले का राज खोल दिया। कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी पत्नी इल्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी अमन की तलाश की जा रही है।

rajeshswari

चार साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी शादी करीब चार साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी इल्मा (27) से हुई थी। दंपती की तीन साल की बेटी है। दोनों मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। इल्मा घर के पास स्थित एक ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी।

मोबाइल चैट से खुला प्रेम प्रसंग का राज

बताया जाता है कि इल्मा की मुलाकात करीब 13 महीने पहले अमन से हुई थी। अमन भी ब्यूटी पार्लर से जुड़ा काम करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कथित तौर पर प्रेम संबंध हो गए। दोनों फोन पर बातचीत करने के साथ पार्क व अन्य स्थानों पर मिलने लगे। तालिब को जब पत्नी और अमन के संबंधों की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया। आरोप है कि इल्मा पति को नशीली गोलियां खिलाकर अमन से बातचीत करती थी।

इसे भी पढ़े   मैनपुरी में डिंपल यादव की बंपर जीत,दो लाख से ज्यादा वोटों से विरोधियों को पछाड़ा

28 सितंबर को दिया वारदात को अंजाम

आरोप है कि 28 सितंबर को काम से लौटने के बाद तालिब और इल्मा के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई। इसके बाद इल्मा ने अमन को फोन कर बुलाया। अमन अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा। आरोप के मुताबिक, तीनों ने मिलकर तालिब पर हमला किया। इल्मा ने पति के पैर पकड़े, उसके साथी ने हाथ पकड़े और अमन ने दुपट्टे से गला दबा दिया। इससे तालिब की मौत हो गई।

इसके बाद इल्मा ने परिजनों को फोन कर बताया कि तालिब की मौत हार्ट अटैक से हुई है। परिवार ने शुरुआत में उसकी बात पर विश्वास कर लिया और शव को दफना दिया गया।

परिजनों को हुआ शक, कब्र से निकाला गया शव

तालिब के गले पर निशान देखकर परिजनों को उसकी मौत की वजह पर संदेह हुआ। एक अक्टूबर को उसका रिश्तेदार रईस तालिब के घर पहुंचा और मोबाइल फोन मांगा। आरोप है कि इल्मा ने फोन देने से इनकार कर दिया। बाद में तलाश के दौरान मोबाइल मिल गया। फोन की जांच में तालिब और अमन के बीच हुई बातचीत तथा इल्मा से संबंधित कथित प्रेम प्रसंग के संदेश सामने आए।

इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच शुरू की और जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर शव को कब्र से निकलवाने की प्रक्रिया पूरी कराई। मंगलवार को शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश

पुलिस पूछताछ में इल्मा ने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अमन और उसके दोस्त की भूमिका की जांच की जा रही है तथा अमन की तलाश जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *