बेंगलुरु की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से बिहार के आठ मजदूरों की मौत
बेंगलुरु (जनवार्ता)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुक क्षेत्र स्थित मादापट्टना की एक पत्थर खदान में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान खिसककर मजदूरों पर गिर गई, जिससे बिहार के आठ दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय खदान में करीब 18 मजदूर पत्थर तोड़ने और खुदाई के कार्य में लगे थे। इसी दौरान अचानक भारी चट्टान ढह गई और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मृतक सभी मजदूर स्टोन क्रशर साइट पर कार्यरत थे और बिहार के निवासी बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उसके नीचे कोई अन्य मजदूर फंसा न हो। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और बचाव अभियान जारी है।
पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी जा रही है। साथ ही यह जांच भी शुरू कर दी गई है कि चट्टान गिरने के पीछे क्या कारण रहे और खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

