20 दिनों से गंगा में फंसा जलपोत
गाजीपुर (जनवार्ता)। गंगा नदी में कम जलस्तर और ड्रेजिंग के बावजूद पर्याप्त गहराई नहीं होने के कारण कोलकाता से वाराणसी जा रहा एक खाली मालवाहक जलपोत पिछले 20 दिनों से कालूपुर गंगा तट के सामने बीच धारा में फंसा हुआ है। घटना के बाद भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

करीब 55 मीटर लंबा, 10 मीटर चौड़ा और लगभग 300 टन वजनी एमवी एमटी जलपोत वाराणसी में फ्लोटिंग जेट्टी निर्माण के लिए भारी उपकरण पहुंचाने जा रहा था। हमीद सेतु के पास कम जलस्तर के कारण वह बीच धारा में फंस गया। जलपोत पर मौजूद लगभग आधा दर्जन क्रू सदस्य पिछले 20 दिनों से वहीं रुके हुए हैं।
जलपोत को निकालने के कई प्रयास अब तक सफल नहीं हो सके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि तय मानकों के अनुसार ड्रेजिंग कराई गई होती तो यह स्थिति नहीं बनती। वहीं, आईडब्ल्यूएआई के डिप्टी डायरेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि जलस्तर बढ़ने के बाद आवश्यक ड्रेजिंग कर जलपोत को सुरक्षित वाराणसी रवाना किया जाएगा। मामले की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

