ओएनजीसी के पूर्व जीएम साधु शरण तिवारी का निधन, शोक में डूबा परिवार
वाराणसी (जनवार्ता)। ओएनजीसी के पूर्व महाप्रबंधक (जीएम) एवं दिल्ली सांसद डॉ. मनोज तिवारी के बड़े भाई साधु शरण तिवारी (72) का शनिवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली स्थित एम्स में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिवार के अनुसार साधु शरण तिवारी चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे तथा परिवार के अभिभावक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से आईआईटी की शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद ओएनजीसी में कोलकाता, असम और मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं और जीएम पद से सेवानिवृत्त हुए।
सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि उनके बड़े भाई का अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर करीब 12 बजे वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।
साधु शरण तिवारी के निधन पर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, गीतकार कन्हैया दुबे ‘केडी’, डॉ. अशोक राय समेत अनेक राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक हस्तियों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

