दशाश्वमेध घाट पर माँ गंगा का भव्य हरियाली एवं झूला श्रृंगार, भक्तिमय हुआ माहौल
वाराणसी (जनवार्ता)। दशाश्वमेध घाट पर मंगलवार को गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित गंगा आरती में माँ गंगा का विशेष हरियाली एवं झूला श्रृंगार किया गया। जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद माँ गंगा के स्वरूप को रंग-बिरंगे पुष्पों, फलों, हरे पत्तों और प्राकृतिक सामग्री से सजाया गया।


जो मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।कार्यक्रम की शुरुआत माँ गंगा के पूजन से हुई। आचार्यों और समिति के सदस्यों ने गंगाजल, पुष्प, अक्षत, रोली, चंदन एवं फल अर्पित कर विधिवत आराधना की। इसके बाद धूप-दीप प्रज्वलित कर आरती और स्तुति की गई। श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस हरियाली श्रृंगार के साथ आकर्षक फूलों और हरियाली से सजे झूले पर माँ गंगा का दिव्य स्वरूप सजाया गया। विशेष श्रृंगार के दर्शन को श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। गंगा आरती के दौरान शंखनाद, घंटियों और मंत्रोच्चार से पूरा घाट गूंज उठा। इस दौरान समिति पदाधिकारी बाबू महाराज एवं दिनेश शंकर दूबे ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन का उद्देश्य सनातन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि माँ गंगा की आराधना के साथ उनकी स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

