दालमंडी चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन सख्त, कल से चलेगा विशेष अभियान
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के चर्चित दालमंडी चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एसडीएम, तहसीलदार और नगर निगम की टीम ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया तथा दुकानदारों एवं भवन स्वामियों को चेतावनी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शनिवार से क्षेत्र में सघन कार्रवाई अभियान चलाया जाएगा।


जानकारी के अनुसार दालमंडी क्षेत्र में लंबे समय से चौड़ीकरण की योजना प्रस्तावित थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण तथा सुरक्षा मानकों की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 25 भवनों को चिन्हित किया गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में आए दिन जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसी को देखते हुए अभियान चलाकर सड़क और गलियों को व्यवस्थित किया जाएगा। प्रशासन ने भवन स्वामियों एवं दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की है, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ लोगों ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन के कदम का समर्थन किया, जबकि कई व्यापारियों ने अपने व्यवसाय पर असर पड़ने की आशंका जताई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अभियान के दौरान आमजन की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

