विश्व नेत्रदान दिवस पर निकली जागरूकता रैली, दिव्यांगजन सुविधाओं पर भी उठे सवाल
वाराणसी (जनवार्ता)। विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर काशिका फाउंडेशन, वाराणसी आई बैंक सोसाइटी एवं साह हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सुबह सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा से नेत्रदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए।

रैली का शुभारंभ विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया, जबकि समापन नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी आई बैंक सोसाइटी के सचिव डॉ. सुनील साह ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दुर्घटना अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में मृत्यु के बाद भी नेत्रदान संभव है, जिससे दृष्टिबाधित लोगों को नई रोशनी मिल सकती है।
इस अवसर पर डॉ. श्रेया ने नेत्रों की देखभाल के लिए “20-20-20 नियम”, आंखों के व्यायाम तथा सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन लेंस के उपयोग की आवश्यकता पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान काशिका फाउंडेशन के सचिव विनय कुमार चौरसिया ने नगर आयुक्त का ध्यान दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही से जुड़ी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि कई सार्वजनिक स्थलों पर टाइल्स और मार्बल की फिसलन भरी सतहें तथा अनुपयुक्त ढलान (स्लोप) Accessible India (सुगम्य भारत अभियान) के उद्देश्यों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे दिव्यांगजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बैसाखी का उपयोग कर व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया और बताया कि फिसलन भरी सतहों पर बैसाखी की पकड़ कमजोर होने से चलने-फिरने में गंभीर दिक्कतें आती हैं। इस दौरान दिव्यांगजन अनुकूल शौचालयों की आवश्यकता और उनसे जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती हैं। उन्होंने कम से कम स्टेडियम परिसर के हॉल में इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान एक अप्रिय घटना भी सामने आई, जब लगभग 50 वर्षीय एक बुजुर्ग प्रतिभागी ढलान पर फिसलकर गिर पड़े। इस घटना ने दिव्यांगजन-अनुकूल बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता को और अधिक रेखांकित किया।
रैली के समापन पर वाराणसी इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्टोमेट्री के विद्यार्थियों ने नेत्रदान जागरूकता पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं प्रतिभागियों के लिए रक्तचाप, रक्त शर्करा (शुगर) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की भी निःशुल्क व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में हिमांशु सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. ऋषभ साह, डॉ. श्रेया, अनीशा शाही, मीरा राय, दिलीप श्रीवास्तव (निदेशक, डायनामिक इंग्लिश स्कूल), अफाक बिस्मिल्लाह खां तथा रोटरी क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे।

