ड्रोन और सीसीटीवी से होगी बकरीद पर निगरानी
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, नमाज स्थलों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

अपर पुलिस आयुक्त ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील इलाकों का चिन्हांकन कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। नमाज स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अतिरिक्त नगर निगम, विद्युत विभाग एवं जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में डायवर्जन प्लान लागू कर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने कुर्बानी स्थलों पर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। वहीं डीजे, लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग को भी शासनादेशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 को दें।

