सुरक्षा में बड़ी चूक: जिला जज की कुर्सी पर बैठ महिला ने शुरू की ‘सुनवाई’
वाराणसी (जनवार्ता)। जिला न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था शुक्रवार को उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब एक महिला सीधे जिला जज के न्यायालय कक्ष में पहुंच गई और उनकी कुर्सी पर बैठकर स्वयं को न्यायाधीश बताने लगी। इतना ही नहीं, उसने अदालत की फाइलें पलटते हुए निर्देश देना भी शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर कैंट थाने पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार शिवपुर क्षेत्र निवासी वंदना गुप्ता पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मुकदमे के सिलसिले में कचहरी आई थी। इसी दौरान वह जिला जज के कक्ष तक पहुंच गई और उनकी कुर्सी पर बैठ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने कहा, “आज मैं जज हूं, आज सभी मामलों की सुनवाई मैं करूंगी।” जब लोगों ने उसे हटाने का प्रयास किया तो वह “ऑर्डर-ऑर्डर” चिल्लाने लगी।
घटना के समय जिला जज अवकाश पर थे और उनके लंबित मामलों की सुनवाई अन्य अदालतों में की जा रही थी। महिला को न्यायालय कक्ष से हटाकर कचहरी चौकी ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे कैंट थाने भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। न्यायालय प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए हैं।
पुलिस पूछताछ में महिला के पारिवारिक विवाद और लंबे समय से चल रहे मुकदमों की जानकारी सामने आई। अधिकारियों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हुई। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

