मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक संकटों के बीच भी मजबूती से खड़ा : मुख्यमंत्री योगी
वाराणसी (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक चुनौतियों और ऊर्जा संकट के बावजूद मजबूती से अपने नागरिकों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई विकसित देशों में महंगाई और आर्थिक चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन भारत ने प्रभावी नीतियों के बल पर आमजन को राहत पहुंचाने का कार्य किया है।


मुख्यमंत्री शुक्रवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं लाभार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, प्रमाण पत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 वर्ष पूर्व काशी ने नरेंद्र मोदी को सांसद चुनकर देश को नया नेतृत्व दिया था। आज भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं जनकल्याणकारी नीतियों को जाता है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, अविश्वास और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा था, जबकि आज योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
उन्होंने जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीब, किसान, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। कोरोना महामारी के दौरान मुफ्त जांच, उपचार, वैक्सीन और राशन उपलब्ध कराना सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। रेलवे, सड़क, घाटों और शहरी विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों से शहर की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प हुआ है। आगामी रोपवे परियोजना काशी के परिवहन तंत्र को नई दिशा देगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री के हाथों लाभ प्राप्त कर लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री कालभैरव मंदिर तथा में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

