वाराणसी कैंट स्टेशन पर फिर रुकेगी महानगरी एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने दी पांच मिनट के ठहराव की मंजूरी

वाराणसी कैंट स्टेशन पर फिर रुकेगी महानगरी एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने दी पांच मिनट के ठहराव की मंजूरी

वाराणसी  (जनवार्ता)। मुंबई जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने 22177/22178 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–बनारस महानगरी एक्सप्रेस को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पांच मिनट का विशेष ठहराव देने की मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के बाद यात्री एक बार फिर कैंट स्टेशन से महानगरी एक्सप्रेस में सवार हो सकेंगे।
रेलवे बोर्ड ने कैंट स्टेशन पर यात्री दबाव कम करने के उद्देश्य से पिछले वर्ष महानगरी एक्सप्रेस समेत तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन बनारस रेलवे स्टेशन से कराने का निर्णय लिया था। इसके बाद पिछले लगभग 85 दिनों से महानगरी एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से ही मुंबई के लिए रवाना हो रही थी। हालांकि वर्षों से कैंट स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बदलाव के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार यात्री जानकारी के अभाव में कैंट स्टेशन पहुंच जाते थे, जिससे ट्रेन छूटने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब महानगरी एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और सुबह 9:35 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन सुबह 9:40 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद ट्रेन अपने निर्धारित समयानुसार सुबह 10:06 बजे काशी स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे बोर्ड ने कैंट स्टेशन पर टिकट बिक्री और यात्री संख्या पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस व्यवस्था की समीक्षा की जा सके।
गौरतलब है कि 19 दिसंबर को रेलवे बोर्ड ने 22177/22178 महानगरी एक्सप्रेस, 14223/14224 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस तथा 22467/22468 बनारस-गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस का संचालन बनारस रेलवे स्टेशन से कराने का आदेश जारी किया था। इस कदम से कैंट स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ में कुछ कमी आई थी, लेकिन महानगरी एक्सप्रेस के स्थानांतरण से रेलवे की टिकट बिक्री और वाणिज्यिक आय पर भी असर पड़ा था।
रेलवे सूत्रों के अनुसार कैंट स्टेशन पर महानगरी एक्सप्रेस के ठहराव समाप्त होने के बाद टिकटों की बिक्री में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं यात्रियों की लगातार शिकायतों और हो रही असुविधा को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन ने 18 मई को रेलवे बोर्ड को ट्रेन के पुनः ठहराव का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव पर विचार के बाद बोर्ड ने अब कैंट स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है।
रेलवे के इस फैसले से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कैंट स्टेशन की आय में भी सुधार होने की उम्मीद है। लंबे समय से इस मांग को उठा रहे यात्रियों ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत किया है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   दवा लेकर जा रहे भदोही के किसान की मौत हुई:ट्रक ने मारी टक्कर
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *