ई-फार्मेसी के खिलाफ दवा कारोबारियों का बड़ा कदम, 20 मई को वाराणसी बंद रहेंगी मेडिकल स्टोर
वाराणसी (जनवार्ता)। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा कारोबारियों ने 20 मई को बंद का ऐलान किया है। आल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के समर्थन में वाराणसी के दवा विक्रेता भी आंदोलन में उतरेंगे। शहर की करीब 3000 से ज्यादा थोक और रिटेल मेडिकल दुकानें उस दिन बंद रहेंगी।

दवा विक्रेता समिति के अनुसार, केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि सामान्य बिक्री पूरी तरह प्रभावित रहेगी। व्यापारियों का कहना है कि ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों की अनदेखी कर बिना डॉक्टर की पर्ची दवाओं की सप्लाई कर रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एंटीबायोटिक दवाओं का गलत इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही मरीजों की निजी जानकारी के दुरुपयोग और पुराने प्रिस्क्रिप्शन पर बार-बार दवा उपलब्ध कराने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
दवा कारोबारियों का कहना है कि बड़ी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही हैं। इसे लेकर सरकार से सख्त नियम लागू करने और ई-फार्मेसी के संचालन पर निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है।
आंदोलन को लेकर शहरभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। दवा विक्रेता संगठन पोस्टर और पर्चों के जरिए लोगों को बंद और उसकी वजहों की जानकारी दे रहे हैं।

