वाराणसी के लोहता में गैस एजेंसी में कम वजन और फर्जी सील वाली सिलेंडर की ठगी का मामला, उपभोक्ता आक्रोशित
वाराणसी (जनवार्ता): लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां चौकी अंतर्गत छितौनी गांव स्थित राधा मोहन गैस एजेंसी (इंडेन) में मालिक और ट्रालीमैन की कथित मिलीभगत से उपभोक्ताओं को कम वजन वाली सील बंद गैस सिलेंडर सप्लाई किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।

उपभोक्ता प्रदीप कुमार सिंह के घर आज सुबह पहुंचे सिलेंडर को इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौला गया तो उसका वजन निर्धारित मात्रा से काफी कम पाया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सिलेंडर पर लगा शील बंद दिख रहा था, लेकिन ढक्कन को हल्का सा उठाते ही वह अपने आप खुल गया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शील को केवल ढक्कन पर रखकर दिखावा किया जा रहा है, जबकि सिलेंडर पहले से ही छेड़छाड़ कर गैस निकाल ली गई होती है।
गांव के कई लोगों ने बताया कि ट्रालीमैन सिलेंडर डिलीवरी के समय वजन मशीन साथ नहीं लाता और घर पहुंचाकर टंकी रख देता है। साथ ही, निर्धारित दर से 20 अतिरिक्त राशि भी ग्राहकों से वसूली जा रही है।
प्रदीप कुमार सिंह ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिसमें सिलेंडर का कम वजन और ढक्कन के अपने आप खुलने की सच्चाई साफ दिख रही है। उन्होंने कहा, “जनता इस मिलीभगत से काफी त्रस्त है। मालिक और ट्रालीमैन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए ताकि अन्य उपभोक्ताओं को भी इस तरह की ठगी न हो।”
स्थानीय लोग इस मामले को लेकर काफी आक्रोशित हैं और मांग कर रहे हैं कि जिला प्रशासन, खाद्य एवं रसोई गैस विभाग तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन ले।
उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि सिलेंडर डिलीवरी पर तुरंत वजन चेक करें। फर्जी शील या ढक्कन ढीला मिले तो सिलेंडर स्वीकार न करें। शिकायत के लिए कस्टमर केयर 1800-2333-555 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

