सारनाथ : महिला से चेन स्नेचिंग का खुलासा
पुलिस ने दो लुटेरों को दबोचा, नकदी और बाइक बरामद

वाराणसी (जनवार्ता) | सारनाथ क्षेत्र में रेलवे स्टेशन जा रही महिला से हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई चेन बेचकर प्राप्त ₹10,200 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गंज सारनाथ निवासी त्वरिता मिश्रा (पुत्री रविंद्र नाथ मिश्रा) सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन पकड़ने सारनाथ रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लुटेरों की पहचान कर हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से दोनों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमृतसर, पंजाब निवासी किशन और अवतार सिंह उर्फ राजू के रूप में हुई है। अवतार सिंह वाराणसी के चौक सर्राफा बाजार में आभूषण पॉलिश का काम करता था और पंजाब से लुटेरों को बुलाकर वारदात कराता था।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी गौरव सिंह, थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, ओमप्रकाश, कांस्टेबल रवि यादव, देवानंद साहनी, रवि शंकर भारती, संजय कुमार और जयबिंद कुमार शामिल रहे।

