पांच चौकी प्रभारियों समेत छह दरोगाओं का बदला कार्यक्षेत्र
वाराणसी (जनवार्ता)। कमिश्नरेट वाराणसी में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने छह उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शुक्रवार देर शाम जारी आदेश में पांच महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों के प्रभारियों को बदला गया है। इनमें महमूरगंज, लहुराबीर, अस्सी, नगवां और सोनिया चौकी शामिल हैं।

आदेश के अनुसार तीन उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण रिक्त पद के सापेक्ष, जबकि तीन का समायोजन के तहत किया गया है। महमूरगंज चौकी प्रभारी रहे उपनिरीक्षक अनुज सिंह को थाना लक्सा भेजा गया है। वहीं, लहुराबीर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकल्प शांडिल्य को महमूरगंज चौकी, थाना भेलूपुर का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में अस्सी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चतुर्वेदी को नगवां चौकी, थाना लंका की जिम्मेदारी दी गई है। नगवां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह को अस्सी चौकी, थाना भेलूपुर का प्रभारी बनाया गया है।
सोनिया चौकी, थाना सिगरा के प्रभारी रहे उपनिरीक्षक विवेक सिंह को लहुराबीर चौकी, थाना चेतगंज का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं थाना चौक में तैनात उपनिरीक्षक सौरभ शाही को सोनिया चौकी, थाना सिगरा की कमान सौंपी गई है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

