काशी में आस्था और जनसैलाब का संगम, 14 किमी रोड शो में गूंजा ‘हर-हर महादेव’
डमरू-शंखनाद के बीच नरेंद्र मोदी ने किया भव्य रोड शो, Kashi Vishwanath Temple में किए दर्शन
वाराणसी, (जनवार्ता):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को आस्था, उत्साह और जनसमर्थन का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने शहर में लगभग 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया, जिसने काशी की सड़कों को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से शुरू हुआ यह रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होते हुए Kashi Vishwanath Temple तक पहुंचा। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष, डमरू की गूंज और शंखनाद से वातावरण शिवमय बना रहा।
रोड शो के दौरान मंडुआडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर और मैदागिन जैसे इलाकों में भारी भीड़ उमड़ी रही। हजारों की संख्या में लोग घंटों पहले से सड़कों के किनारे और घरों की छतों पर जमा हो गए थे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला गुजरा, लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।
जगह-जगह बनाए गए मंचों से भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
यह वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री का पहला काशी दौरा है, जिसमें उन्होंने एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और जनसमर्थन की मजबूत झलक पेश की।


