नए पुलिस कमिश्नर किरण एस. ने बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेकर संभाली जिम्मेदारी
शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
वाराणसी। वाराणसी के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर आईपीएस किरण एस. ने पदभार ग्रहण करने के बाद काशी की परंपरा का निर्वहन करते हुए सबसे पहले काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और काशी में शांति, सुरक्षा एवं बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आशीर्वाद मांगा।

काशी की मान्यता के अनुसार, बाबा काल भैरव को नगर का कोतवाल माना जाता है। ऐसी परंपरा रही है कि काशी में आने वाले कई वरिष्ठ अधिकारी अपने कार्यकाल की शुरुआत बाबा काल भैरव के दर्शन-पूजन से करते हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर किरण एस. ने भी बाबा के दरबार में मत्था टेककर अपनी जिम्मेदारी की शुरुआत की।
पूजन के दौरान मंदिर के पुजारियों ने उन्हें प्रसाद और रक्षा सूत्र भेंट किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर ने काशी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, जुआ-सट्टा, साइबर ठगी और भू-माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता देने के संकेत दिए हैं। उनकी कार्यशैली और आगामी रणनीति पर अब शहरवासियों की निगाहें रहेंगी।

