बीएचयू में संविदा कर्मचारियों का धरना जारी, पुलिस-प्रशासन की अपील बेअसर
वाराणसी, (जनवार्ता)। Banaras Hindu University (बीएचयू) परिसर के मधुबन पार्क में पिछले कई दिनों से धरनारत संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों को समझाने के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने की अपील की, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

धरना स्थल पर पुलिस टीम के पहुंचने से कुछ देर के लिए हलचल का माहौल रहा। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उन्हें स्थायी नहीं किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
धरनारत कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में स्थायीकरण, समय पर वेतन भुगतान और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कनिष्ठ लिपिक के 199 पदों पर निकाली गई नई भर्ती का भी कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किए बिना नई भर्ती प्रक्रिया उचित नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इस आंदोलन को हाल ही में कांग्रेस पार्टी का समर्थन भी मिला है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे धरना समाप्त कर कार्य पर लौटें।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार कर्मचारियों से संवाद बनाए रखा है, लेकिन फिलहाल गतिरोध बरकरार है।

